तीखी कलम से

मेरे बारे में

मेरी फ़ोटो
जी हाँ मैं आयुध निर्माणी कानपुर रक्षा मंत्रालय में तकनीकी सेवार्थ कार्यरत हूँ| मूल रूप से मैं ग्राम पैकोलिया थाना, जनपद बस्ती उत्तर प्रदेश का निवासी हूँ| मेरी पूजनीया माता जी श्रीमती शारदा त्रिपाठी और पूजनीय पिता जी श्री वेद मणि त्रिपाठी सरकारी प्रतिष्ठान में कार्यरत हैं| उनका पूर्ण स्नेह व आशीर्वाद मुझे प्राप्त है|मेरे परिवार में साहित्य सृजन का कार्य पीढ़ियों से होता आ रहा है| बाबा जी स्वर्गीय श्री रामदास त्रिपाठी छंद, दोहा, कवित्त के श्रेष्ठ रचनाकार रहे हैं| ९० वर्ष की अवस्था में भी उन्होंने कई परिष्कृत रचनाएँ समाज को प्रदान की हैं| चाचा जी श्री योगेन्द्र मणि त्रिपाठी एक ख्यातिप्राप्त रचनाकार हैं| उनके छंद गीत मुक्तक व लेख में भावनाओं की अद्भुद अंतरंगता का बोध होता है| पिता जी भी एक शिक्षक होने के साथ साथ चर्चित रचनाकार हैं| माता जी को भी एक कवित्री के रूप में देखता आ रहा हूँ| पूरा परिवार हिन्दी साहित्य से जुड़ा हुआ है|इसी परिवार का एक छोटा सा पौधा हूँ| व्यंग, मुक्तक, छंद, गीत-ग़ज़ल व कहानियां लिखता हूँ| कुछ पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होता रहता हूँ| कवि सम्मेलन के अतिरिक्त काव्य व सहित्यिक मंचों पर अपने जीवन के खट्टे-मीठे अनुभवों को आप तक पहँचाने का प्रयास करता रहा हूँ| आपके स्नेह, प्यार का प्रबल आकांक्षी हूँ| विश्वास है आपका प्यार मुझे अवश्य मिलेगा| -नवीन

गुरुवार, 12 अक्तूबर 2017

ग़ज़ल - चेहरा नहीं पढ़ा गया अब तक उजास में

221  2121  1221  212

ठहरी मिली है  ज़िंदगी  उनके  गिलास में । 
मिलते  कहाँ  हैं लोग भी  होशो हवास में ।।

देकर  तमाम  टैक्स   नदारद  है   नौकरी ।
अमला लगा रखा है उन्होंने  विकास  में ।।

सरकार सियासत में निकम्मी  कही  गई ।
रहते  गरीब  लोग  बहुत  भूँख प्यास  में ।।

बेकारियों   के  दौर से गुजरा हूँ  इस  कदर ।
घोड़ा  ही  ढूढता   रहा  ताउम्र  घास  में ।।

यूँ ही तमाम  कर लगे हैं जिंदगी पे आज ।
रहना  हुआ  मुहाल  है अपने  निवास में ।।

कितने नकाब डाल के मिलने लगे हैं लोग ।
चेहरा नहीं  पढ़ा गया अब तक उजास में ।।

दौलत की ख़ासियत को जरा देखिए हुजूर ।
उलझे  हजार  हुस्न यहां  खास  खास  में ।। 

खुशबू सी आ रही है हवाओं से  बेहिसाब ।
शायद  बहार  होगी  कहीं  आस  पास में ।।

जबसे खुला है मैकदा उनकी गली के पास ।
निकले  शरीफ़  लोग भी महंगे लिबास  में ।।

कड़वी ज़ुबान है तो उसे  भी  सलाम  कर ।
कीड़ें  पड़े  तमाम  हैं अक्सर  मिठास  में ।।

कैसा  हवस  का दौर  है कैसे पढ़े हैं लोग ।
होते  हैं फेल  इश्क़ की पहली कलास में ।।

यूँ  ही  मिली नज़र  थी इरादा भी नेक था ।
मुज़रिम बना गया है कोई फिर कयास में।।

            --नवीन मणि त्रिपाठी
            मौलिक अप्रकाशित

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें