तीखी कलम से

मेरे बारे में

मेरी फ़ोटो
जी हाँ मैं आयुध निर्माणी कानपुर रक्षा मंत्रालय में तकनीकी सेवार्थ कार्यरत हूँ| मूल रूप से मैं ग्राम पैकोलिया थाना, जनपद बस्ती उत्तर प्रदेश का निवासी हूँ| मेरी पूजनीया माता जी श्रीमती शारदा त्रिपाठी और पूजनीय पिता जी श्री वेद मणि त्रिपाठी सरकारी प्रतिष्ठान में कार्यरत हैं| उनका पूर्ण स्नेह व आशीर्वाद मुझे प्राप्त है|मेरे परिवार में साहित्य सृजन का कार्य पीढ़ियों से होता आ रहा है| बाबा जी स्वर्गीय श्री रामदास त्रिपाठी छंद, दोहा, कवित्त के श्रेष्ठ रचनाकार रहे हैं| ९० वर्ष की अवस्था में भी उन्होंने कई परिष्कृत रचनाएँ समाज को प्रदान की हैं| चाचा जी श्री योगेन्द्र मणि त्रिपाठी एक ख्यातिप्राप्त रचनाकार हैं| उनके छंद गीत मुक्तक व लेख में भावनाओं की अद्भुद अंतरंगता का बोध होता है| पिता जी भी एक शिक्षक होने के साथ साथ चर्चित रचनाकार हैं| माता जी को भी एक कवित्री के रूप में देखता आ रहा हूँ| पूरा परिवार हिन्दी साहित्य से जुड़ा हुआ है|इसी परिवार का एक छोटा सा पौधा हूँ| व्यंग, मुक्तक, छंद, गीत-ग़ज़ल व कहानियां लिखता हूँ| कुछ पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होता रहता हूँ| कवि सम्मेलन के अतिरिक्त काव्य व सहित्यिक मंचों पर अपने जीवन के खट्टे-मीठे अनुभवों को आप तक पहँचाने का प्रयास करता रहा हूँ| आपके स्नेह, प्यार का प्रबल आकांक्षी हूँ| विश्वास है आपका प्यार मुझे अवश्य मिलेगा| -नवीन

शुक्रवार, 1 सितंबर 2017

ग़ज़ल -मेरी आशिक़ी क्या अमानत नहीं है

122 122 122 122
ख़यानत  की   खातिर  मुहब्बत नहीं है ।
मेरी  आशिकी क्या  अमानत  नहीं  है ।।

नज़र  से हुई  थी  ख़ता  दफ़अतन  जो ।
हमें  उस  ख़ता  से  शिकायत  नहीं है ।।

मिटा   कर   चले   जा   रहे   हैं  उमीदें ।
बची  आप  में  भी  शराफ़त   नहीं   है ।।

चले  आइये  बज़्म   में  रफ़्ता   रफ़्ता  ।
मेरी  आप  से  अब  अदावत  नहीं  है ।।

यकीं कर मेरा   रूठ   कर   जाने  वाले।
मेरे दिल की अब तक इजाज़त नहीं है।।

तेरे  दर  पे आना  मुनासिब कहाँ  अब ।
वहां  आशिकों  की  निज़ामत नहीं  है ।।

शुरूआत  है  ये   बुरे  दिन की  शायद।
दुआवों  से  अब  तो इज़ाफ़त  नहीं है ।।

गुजर जाएंगे मुफ़लिसी के ये  दिन भी ।
बुरा  वक्त  भर  है  कयामत  नहीं   है ।।

करेगा वो  इंसाफ  जुल्मो  सितम  का ।
तुम्हारी   वहां   तो   हुकूमत  नहीं  है ।।

न  उम्मीद रखिये  वफ़ा  की  यहां पर ।
यहां तो  ख़ुदा  की  अक़ीदत  नहीं  है ।।

उसे दिल न देना है कमसिन जिगर  वो ।
मुहब्बत  की  कोई हिफ़ाज़त  नहीं है ।।

जिधर   फेरते  हैं  अदा   से  वो  नज़रें ।
उधर  कोई   बस्ती   सलामत  नहीं  है।।

        ---नवीन मणि त्रिपाठी
          मौलिक अप्रकाशित

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें